बरारी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 6.19 ग्राम स्मैक व मोबाइल जब्त
बरारी /कटिहार -बरारी थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। लक्ष्मीपुर स्थित विशनदास के बगीचे में छापेमारी कर पुलिस ने 37 पुड़िया स्मैक बरामद की। जब्त स्मैक का कुल वजन 6.19 ग्राम है। मौके से एक मोबाइल भी मिला है। गिरफ्तार युवक की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के डुमर गांव निवासी दिलखुश सहनी (20) के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष सुमेश कुमार को बगीचे में स्मैक की खरीद -बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद बरारी पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। पुलिस वाहन देखकर भाग रहे युवक को जवानों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। मजिस्ट्रेट सह राजस्व अधिकारी आनंद कुमार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसकी जेब से स्मैक की पुड़िया मिली।
थानाध्यक्ष के अनुसार, पूछताछ में युवक ने खोटा गांव निवासी प्रियांशु से स्मैक मिलने की बात बताई है। पुलिस अन्य कारोबारियों की पहचान में जुटी है। मामले में कांड संख्या 399/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। छापेमारी में एसआई राजनेता,एसआई कौशल कुमार, एसआई अमन कुमार सहित पुलिस बल और एसटीएफ के जवान शामिल रहे ।