न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

आधुनिक तकनीक से खेती को लाभकारी बनाने पर जोर

कटिहार में दो दिवसीय किसान मेला शुरू

स्मार्ट कृषि पुस्तिका व मखाना सत्तू का हुआ विमोचन
ड्रोन से किसानों को दिखाई गई आधुनिक खेती की तकनीक

कटिहार – शहर के संयुक्त कृषि भवन परिसर में दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी -2026 का शुभारंभ किया गया । कार्यक्रम का उद्घाटन पुर्व उप मुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद,जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी,जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार तथा पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री निखिल चौधरी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

मेले में आधुनिक कृषि तकनीक,उन्नत बीज, कृषि यंत्र, जैविक खेती और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन से संबंधित विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं। बड़ी संख्या में किसानों, कृषि उद्यमियों और विभागीय कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्मार्ट कृषि पुस्तिका एवं मखाना सत्तू का विमोचन किया गया। अतिथियों ने मखाना से तैयार जलेबी, ठेकुआ और सत्तू का स्वाद भी लिया।

इस दौरान मखाना के प्रसंस्करण, पैकेजिंग और ब्रांडिंग के माध्यम से किसानों की आमदनी बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।


किसान मेले में कृषि ड्रोन का प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहा। जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने ड्रोन उड़ाकर किसानों को आधुनिक छिड़काव तकनीक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृषि में ड्रोन के इस्तेमाल से समय और श्रम की बचत के साथ खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने, फसल विविधीकरण और कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार और तकनीक का उपयोग किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।मेले में सब्जियों से तैयार आकर्षक रंगोली भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।

इसके अलावा कृषि विभाग, आत्मा, एफपीओ और विभिन्न कृषि संस्थाओं की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर किसानों को सरकारी योजनाओं, उन्नत खेती और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी गई।जिला कृषि पदाधिकारी -सह -परियोजना निदेशक आत्मा राजीव कुमार ने बताया कि किसान मेले का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक खेती से जोड़ना है। इसके माध्यम से किसानों को नई तकनीकों,उन्नत बीजों और कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन की जानकारी दी जा रही है, ताकि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।

इस मौके पर पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री निखिल कुमार चौधरी,पूर्व उप मुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने केन्द्र व राज्य की एनडीए सरकार द्वारा कृषि उपयैगी एवं किसानों के लिए चलायी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया। इस मौके पर ओएसडी अभिषेक रंजन, सूचना जनसम्पर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार,आत्मा के परियोजना उपनिदेशक शशिकांत झा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। मंच संचालन कृषि समन्वयक अभिनंदन झा ने प्रभावी ढंग से किया।

Share this news

Leave a Comment