कोढ़ा/कटिहार – थाना क्षेत्र में बीते 20 दिनों के दौरान बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की तीन बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया गया है। इन घटनाओं में चोरों ने नकदी और आभूषण समेत लाखो रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से जहां आम लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं अब तक किसी भी मामले में पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है।
करीब 20 दिन पूर्व नगर पंचायत क्षेत्र के सोतीपार स्थित मखाना गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने सेफ में रखे 15 लाख रुपये नकद और आभूषण की चोरी कर ली थी। मामले में पीड़ित मणि यादव ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए थे।इसी बीच फुलवरिया चौक निवासी दीप नारायण साह छठ पूजा मनाने पूरे परिवार के साथ मुजफ्फरपुर गए हुए थे।
घर खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश किया और जमकर उत्पात मचाते हुए नकदी व आभूषण समेत करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। इस घटना की जांच चल ही रही थी कि बीते 15 नवंबर को भारतीय सेना में कार्यरत एक सैनिक के बंद घर को चोरों ने निशाना बना लिया। चोरों ने घर में रखे एक लाख 11 हजार रुपये नकद और आभूषण समेत करीब 13 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।
मामले में दिगेश चंद्र सिंहा ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बीच बुधवार को फोरेंसिक टीम ने सैनिक के घर पहुंचकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। हालांकि तीन बड़ी चोरी की घटनाओं के बावजूद अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। इससे लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।इधर थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस सभी मामलों में विभिन्न बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है। जल्द ही घटनाओं का उद्भेदन कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।