गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होगा -जिलाधिकारी
कटिहार –जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कोढ़ा प्रखंड में कल्याण विभाग की ओर से पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए निर्माणाधीन छात्रावास का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की तथा संवेदक एवं अभियंताओं को कई आवश्यक निर्देश दिये।जिलाधिकारी ने छात्रावास के कमरों,अध्ययन कक्ष, भोजनालय, पुस्तकालय कक्ष, शौचालय, स्नानघर एवं वार्डन आवास का निरीक्षण किया।उन्होंने भवन की दीवारों, छत, फर्श, बिजली वायरिंग एवं प्लंबिंग कार्य की गुणवत्ता की स्वयं जांच की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि छात्रावास में 100 छात्रों के आवासन की क्षमता होगी। प्रत्येक छात्र को पढ़ाई के लिए शांत एवं स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए। कुछ स्थानों पर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाये जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण को निर्माण में उच्च गुणवत्ता की सीमेंट,छड़ एवं ईंट का ही प्रयोग करने,कमरों में पर्याप्त वेंटिलेशन, प्रकाश एवं पंखा,पेयजल,शौचालय एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था के साथ भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के अंदर हर हाल में पूर्ण करना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित स्थानीय छात्रों एवं अभिभावकों से बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि छात्रावास के शुरू होते ही गरीब एवं मेधावी छात्रों को यहां रहने, खाने एवं पढ़ाई की निःशुल्क सुविधा मिलेगी।उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि छात्रावास के संचालन के लिए अधीक्षक, रसोइया एवं सफाई कर्मी की व्यवस्था समय से पहले सुनिश्चित कर ली जाय, ताकि भवन बनते ही छात्रावास प्रारंभ हो सके।
उन्होंने कहा कि यह छात्रावास केवल एक भवन नहीं है, यह पिछड़ा एवं अति पिछड़ा समाज के गरीब बच्चों के सपनों की नींव है। यहां से पढ़कर बच्चे डाक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और अधिकारी बनेंगे। इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन का संकल्प है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े बच्चे को भी बेहतर शिक्षा और आवास की सुविधा मिले।निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता डाॅ.बिनोद कुमार , अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. सूरज कुमार ,विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन , प्रखंड विकास पदाधिकारी राज कुमार पंडित,अंचल अधिकारी,कार्यपालक अभियंता,भवन निर्माण विभाग एवं कल्याण विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें।