न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

खाद की कालाबाजारी का खुलासा, 100 बोरी उर्वरक लदा जुगाड़ वाहन जब्त

बिना वैध कागजात के खाद की हो रही थी ढुलाई, चालक से पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज

संवाददाता/किशनगंज

जिले में खाद की कालाबाजारी और तस्करी का मामला सामने आया है। कृषि विभाग की टीम ने जहांगीर चौक स्थित चकला मस्जिद के पास एक जुगाड़ वाहन को पकड़ा। वाहन पर भारी मात्रा में खाद लदी हुई थी। जांच के दौरान चालक वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

कृषि समन्वयक सह उर्वरक निरीक्षक नीरज कुमार द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, वाहन चालक मो. रफीक, निवासी हटतपाड़ा, वार्ड संख्या-10, महीनगांव ने बताया कि खाद फरीदुद्दीन, निवासी रामपुर, थाना चाकुलिया, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) से खरीदी गई थी। खाद को जुगाड़ वाहन से कोचाधामन ले जाया जा रहा था।

जांच के दौरान वाहन से यूरिया की 50 बोरी (प्रत्येक 45 किलो), एसएसपी पाउडर की 25 बोरी और रॉक फॉस्फेट मिक्स फर्टिलाइजर की 25 बोरी बरामद हुई। कुल 100 बोरी खाद जब्त की गई। चालक से खाद से संबंधित वैध दस्तावेज और खरीद-बिक्री के कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।

करीब दो घंटे इंतजार के बाद भी कागजात नहीं मिलने पर वाहन की विधिवत तलाशी ली गई। इसके बाद खाद, जुगाड़ वाहन और चालक का सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल जब्त कर लिया गया।आवेदन में खाद की कालाबाजारी और तस्करी की आशंका जताते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत चालक मो. रफीक और खाद के विक्रेता फरीदुद्दीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुटी हुई है।

Share this news

Leave a Comment