न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, बैंक प्रबंधकों और थानाध्यक्षों के साथ बैठक

संवाददाता/किशनगंज

जिला मुख्यालय में 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्राधिकार के सचिव ओम शंकर ने सरकारी और निजी बैंकों के शाखा प्रबंधकों तथा जिले के सभी थानाध्यक्षों के साथ अलग-अलग समीक्षा बैठकें कीं। बैंक प्रबंधकों को दिए गए निर्देश दिया की ऋण चूककर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में नोटिस भेजें।

बैंकों के स्तर पर जागरूकता शिविर लगाएं ताकि लोग आपसी समझौते से मामले सुलझा सकें। सचिव ने कहा कि इससे आम लोगों को मुकदमों की लंबी प्रक्रिया से राहत मिलेगी, अदालतों का बोझ घटेगा और बैंकों को फंसे हुए कर्ज की वसूली में मदद मिलेगी। बैंक प्रतिनिधियों ने आयोजन को सफल बनाने और ज्यादा से ज्यादा मामलों के निपटारे का भरोसा दिलाया।

इसी कड़ी में जिले सभी थानाध्यक्षों को मुकदमों से जुड़े नोटिसों का शत-प्रतिशत तामिला कराने और आम लोगों में जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया गया। सचिव ने बताया कि लोक अदालत का उद्देश्य सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय देना है। आपसी सहमति से होने वाले फैसले अंतिम होते हैं, जिनके खिलाफ कोई अपील नहीं होती, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है।

इस लोक अदालत में समझौता योग्य आपराधिक मामले और प्ली बार्गेनिंग, चेक बाउंस (एनआई एक्ट की धारा 138) और मनी रिकवरी के मामले, मोटर दुर्घटना दावा और समझौता योग्य ट्रैफिक चालान, श्रम विवाद, सार्वजनिक उपयोगिता सेवाएं और भूमि अधिग्रहण के मामले, पारिवारिक व वैवाहिक विवाद (तलाक को छोड़कर), सेवा और पेंशन से जुड़े मामले, राजस्व व सहायक मामले, किराया, निषेधाज्ञा और अन्य सिविल विवाद आदि मामलों का निपटारा किया जाएगा।

Share this news

Leave a Comment