मो मुर्तुजा/ठाकुरगंज
प्रखंड क्षेत्र की चुरली पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या तीन के भट्टा बस्ती बिरनाबाड़ी गांव में देर रात हुई भीषण अगलगी ने मोहम्मद जमील के परिवार की खुशियां छीन लीं। आग की भयावह लपटों में उनका घर पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो गया। घर में बंधे तीन मवेशियों की भी झुलसकर मौत हो गई। वहीं अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान सहित लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम और कुर्लिकोट थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो चुकी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद प्रतिनिधि अहमद हुसैन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने अंचल अधिकारी ठाकुरगंज मृत्युंजय कुमार एवं कुर्लिकोट थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार से बातचीत कर पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। अहमद हुसैन ने कहा कि अगलगी में परिवार का सबकुछ नष्ट हो गया है। इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने अपनी ओर से भी उसी दिन यथासंभव आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया।
वहीं पंचायत समिति प्रतिनिधि इम्तियाज आलम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र में अग्निशमन वाहन की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
इधर, वार्ड संख्या तीन के वार्ड सदस्य पद के उम्मीदवार मोहम्मद आमिर एवं वार्ड संख्या चार के वार्ड सदस्य प्रतिनिधि मोहम्मद बहाउद्दीन ने संयुक्त रूप से पीड़ित परिवार के बीच राहत सामग्री वितरित की। इसमें कंबल, मच्छरदानी, चावल, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, मुढ़ी, नमक सहित रोजमर्रा की जरूरत के सामान शामिल थे।
दोनों प्रतिनिधियों ने कहा कि अपनी क्षमता के अनुसार परिवार की मदद की गई है। उन्होंने समाज के युवाओं और सामर्थ्यवान लोगों से भी आगे आकर पीड़ित परिवार की सहायता करने की अपील की, ताकि उजड़ी हुई गृहस्थी को दोबारा बसाया जा सके।
इस संबंध में अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों को घटनास्थल पर भेजकर जांच कराई जाएगी। स्थलीय जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के अनुसार पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।