इरफान/पोठिया
प्रखंड अंतर्गत अर्राबाड़ी थाना पुलिस ने गुरुवार की संध्या अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक डबल डाला ट्रैक्टर को जब्त किया है। हालांकि, पुलिस की गाड़ी को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, अर्राबाड़ी थानाध्यक्ष कनक लता पुलिस बल के साथ क्षेत्र में नियमित गश्ती कर रही थीं। इसी दौरान रायपुर पंचायत स्थित मीट फैक्ट्री के समीप चाय बागान वाले रास्ते से डोक नदी की ओर से अवैध बालू लदा एक डबल डाला ट्रैक्टर मुख्य सड़क की तरफ तेजी से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम जैसे ही ट्रैक्टर के नजदीक पहुंची, चालक आनन-फानन में वाहन छोड़कर फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने उक्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर लाया। मामले को लेकर खनन विभाग को सूचना दे दी गई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अर्राबाड़ी थानाध्यक्ष कनक लता ने बताया कि पुलिस क्षेत्र में नियमित रूप से गश्ती कर रही थी।
इसी दौरान मीट फैक्ट्री के पीछे डोक नदी की ओर से अवैध बालू लदा ट्रैक्टर आते देखा गया। पुलिस को नजदीक आता देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और खनन विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है।
गौरतलब है कि अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।