दिघलबैंक/मुरलीधर झा
प्रखंड अंतर्गत तुलसिया उच्च विद्यालय परिसर में गुरुवार को संघर्ष फिजिकल एकेडमी का भव्य शुभारंभ फीता काटकर किया गया। एकेडमी की शुरुआत से क्षेत्र के युवाओं को शारीरिक दक्षता एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
मालूम हो कि इस एकेडमी में दिघलबैंक प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। एकेडमी का मुख्य उद्देश्य युवाओं को शारीरिक रूप से दक्ष बनाने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन, नियमित अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण के माध्यम से अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाना है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अवध बिहारी सिंह ने कहा कि एक समय था जब युवाओं के लिए इस तरह की सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, लेकिन समय के बदलाव के साथ अब कई अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि संघर्ष फिजिकल एकेडमी के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को अपना भविष्य संवारने का अच्छा अवसर मिलेगा। इस तरह की पहल युवाओं के लिए काफी लाभकारी साबित हो सकती है।
वहीं, एकेडमी के मुख्य संचालक ओम प्रकाश गणेश ने बताया कि यहां युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देकर विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप सहित अन्य शारीरिक गतिविधियों का नियमित अभ्यास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को अनुशासन और निरंतर मेहनत के लिए प्रेरित करना एकेडमी का प्रमुख उद्देश्य है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने एकेडमी की शुरुआत की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बेहतर पहल बताया।
उद्घाटन समारोह में विनोदानंद ठाकुर, जिला परिषद प्रतिनिधि मुफ्ती अतहर जावेद,मंगुरा मुखिया प्रतिनिधि मेराज रजा, दिघलबैंक मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह, पंचायत समिति प्रतिनिधि जागेश्वर गोस्वामी, प्रधानाध्यापक महानन्द झा, पैक्स अध्यक्ष उमेश गणेश, एसएसबी के अधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोग, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।