शिकागो यूनिवर्सिटी में बोले कांग्रेस नेता, लोकतंत्र को बचाने के लिए चुनावी प्रक्रिया में भाग लेना जरूरी
इलिनोइस (अमेरिका): लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शिकागो यूनिवर्सिटी में एक बातचीत के दौरान भारतीय लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए पवित्र है और बिना 100 प्रतिशत सबूत के वे लोकतंत्र में किसी समस्या का दावा नहीं करना चाहते।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष चुनावों में हिस्सा लेना बंद नहीं कर सकता, क्योंकि ऐसा करने से भारतीय लोकतंत्र उसी क्षण खत्म हो जाएगा। विपक्ष चुनावी ढांचे को नष्ट नहीं करना चाहता, बल्कि मौजूदा व्यवस्था में जो कुछ हो रहा है, उसे जनता के सामने लाना चाहता है। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच संवाद जारी रखना जरूरी है, ताकि जनता खुद व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को समझ सके।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि चुनाव आयोग के भीतर से भी उन्हें जानकारियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी अब यह कहने लगे हैं कि मौजूदा तरीके से काम जारी रखना संभव नहीं है। राहुल गांधी ने भरोसा जताया कि अब यह केवल समय की बात है कि पूरा ढांचा ढह जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को चुनावी प्रक्रिया से नुकसान उठाना पड़ा है, इसके बावजूद वह लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाला कोई कदम नहीं उठाना चाहता।