गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं – डीएम
दिसंबर 2026 तक थाना भवन पूरा करने का दिया निर्देश
हसनगंज /कटिहार – हसनगंज प्रखंड में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जमीनी हकीकत जानने को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचस) एवं थाना भवन का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान निर्माण कार्य में कई कमियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक को कड़ी फटकार लगाई।
डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, अन्यथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, वार्ड, लेबर रूम, ऑपरेशन थियेटर, दवा भंडार और चिकित्सकों के आवास सहित विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान भवन के कुछ हिस्सों में प्लास्टर एवं फिनिशिंग कार्य में कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कार्यपालक अभियंता,भवन निर्माण विभाग एवं संवेदक को निर्देश दिया कि गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करते हुए सभी कमियों को तत्काल दूर करें। उन्होंने कहा कि सीएचसी का निर्माण जल्द पूरा होने से प्रखंड क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
साथ ही परिसर में पेयजल, शौचालय एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके बाद डीएम ने निर्माणाधीन हसनगंज थाना भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी कक्ष, हाजत, बैरक, रिकॉर्ड रूम, साइबर सेल एवं महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने संवेदक को सख्त निर्देश दिया कि दिसंबर 2026 तक निर्माण कार्य पूरा कर विभाग को भवन हैंडओवर करें।
डीएम ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया थाना भवन पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने में सहायक होगा। जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा निर्माण कार्य की समय-समय पर तकनीकी जांच कराने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सीएचसी और थाना दोनों आम जनता की सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण संस्थान हैं। इनके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी डाक्टर सूरज कुमार , ओएसडी अभिषेक रंजन प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी कृष्ण मोहन कुमार, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष निक्की कुमारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।