न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू,घाटों पर तैयारी तेज

बारसोई /कटिहार – लोकआस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का शुभारंभ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गया। पर्व को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं, वहीं दूसरी ओर छठ घाटों पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बारसोई नगर पंचायत क्षेत्र के सद्भावना मैदान एवं मौलानापुर घाट पर छठ व्रतियों की सुविधा को लेकर नगर पंचायत प्रशासन सक्रिय है।

घाटों की साफ-सफाई, नदी की स्वच्छता, संपर्क सड़कों को दुरुस्त करने तथा बिजली और रोशनी की व्यवस्था को लेकर कार्य किए जा रहे हैं। तैयारियों की निगरानी मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह, उप-मुख्य पार्षद प्रमोद कुमार साह, कार्यपालक पदाधिकारी रजनीश कुमार एवं बारसोई थानाध्यक्ष उमेश कुमार कर रहे हैं।

अधिकारियों द्वारा लगातार घाटों का जायजा लेकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। हालांकि, घाटों की सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं।

ऐसे में घाटों की समुचित सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। केवल तैयारियों का जायजा लेने से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर बेहतर व्यवस्था दिखनी चाहिए।

छठ महापर्व नजदीक आने के साथ ही नगर पंचायत प्रशासन के सामने घाटों को पूरी तरह स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की चुनौती है। अब देखना होगा कि प्रशासन समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर छठ व्रतियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करा पाता है या नहीं।

Share this news

Leave a Comment