न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

लोक आस्था के महापर्व पर मानवता की अनूठी मिसाल,महिला कैदियों के बीच छठ पूजा सामग्री का वितरण

ड्रीमी होम एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से संचालित मदर मिशन ने वंचित महिलाओं और मंडल कारागार की महिला कैदियों के बीच छठ पूजा सामग्री वितरित किये

कटिहार – लोक आस्था के महान पर्व छठ के पावन अवसर पर समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के जीवन में खुशियां भरने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। ड्रीमी होम एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से संचालित मदर मिशन के तत्वावधान में एक विशेष सेवा अभियान चलाया गया।

जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर छठ व्रतियों और मंडल कारागार की महिला कैदियों के बीच सूप, नई साड़ियां एवं संपूर्ण पूजन सामग्री का वितरण किया गया। मदर मिशन स्कूल परिसर में जरूरतमंद महिलाओं का सम्मान
कार्यक्रम के पहले चरण की शुरुआत मदर मिशन स्कूल के प्रांगण में एक गरिमामयी वितरण समारोह के साथ हुई।

इस दौरान उन महिलाओं को प्राथमिकता दी गई जो आर्थिक तंगी के कारण छठ महापर्व की आवश्यक सामग्री जुटाने में असमर्थ थीं। ट्रस्ट और मदर मिशन की ओर से इन महिलाओं को सूप, वस्त्र और पूजन सामग्री ससम्मान भेंट की गई, जिससे उनके चेहरों पर पर्व की उल्लासपूर्ण चमक साफ झलक रही थी।


मंडल कारागार कटिहार में भी गूंजी छठ की महक –

इस मानवीय अभियान का दूसरा और अत्यंत संवेदनशील पड़ाव मंडल कारागार कटिहार रहा। चारदीवारी के भीतर कठिन परिस्थितियों के बावजूद पूरी निष्ठा और आस्था के साथ छठ व्रत का अनुष्ठान कर रही महिला कैदियों तक पहुंचकर संस्था ने उन्हें सूप, साड़ियां और पूजन सामग्री का योगदान दिया। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कोई भी महिला अपनी परिस्थितियों के कारण आस्था के इस महान पर्व से वंचित न रह जाए।

जेल के भीतर इस आयोजन से एक सकारात्मक और आध्यात्मिक वातावरण का संचार हुआ।इस संपूर्ण सामाजिक एवं कल्याणकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में ड्रीमी होम एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष प्रतिमा तामांग, सचिव डॉ. आभा कुमारी, कोषाध्यक्ष शमा गौतम तथा मदर मिशन की कोर कमेटी की सदस्य सीमा श्रीवास्तव, मनीषा सिंह, सीमा पूर्वे, रीना झा, रानी सरकार, भवानी ठाकुर, कोमल एवं महज़बी खान की उपस्थिति सक्रिय रही।

टीम के सभी सदस्यों के सहयोगात्मक प्रयासों से यह आयोजन सुचारू और भव्य रूप से संपन्न हुआ।आयोजकों ने इस अवसर पर कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पर्व की खुशियां पहुंचाना ही सच्ची मानवता है। इस प्रकार के आयोजन न केवल जरूरतमंदों की सहायता करते हैं, बल्कि समाज में भाईचारे और संवेदना का एक मजबूत संदेश भी देते हैं।

Share this news

Leave a Comment