कोढ़ा/ कटिहार- कोढ़ा प्रखंड स्थित प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय मवेशी अस्पतालमें सरकारी योजनाओं और संसाधनों की किस हद तक बंदरबांट हो रही है, इसकी एक बानगी तब देखने को मिली जब अस्पताल परिसर से दिनदहाड़े बोरे और थैले में भरकर भारी मात्रा में सरकारी दवाइयां बाहर ले जाई जा रही थीं।
मौके पर मौजूद स्थानीय पत्रकारों ने जब इस अवैध धंधे को रंगे हाथों पकड़ा, तो आरोपी और उनके समर्थक भड़क उठे और मीडियाकर्मियों को धमकाने लगे।बाइक पर बोरा लादकर ले जाई जा रही थी दवाइयों की खेप प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के मुताबिक एक पल्सर बाइक पर सवार एक युवक और एक बुजुर्ग व्यक्ति अस्पताल परिसर से निकल रहे थे।

उनके पास एक बड़ा सफेद बोरा और प्लास्टिक का एक भारी थैला था, जिसमें पशु चिकित्सा से जुड़ी कई बड़ी बोतलें और दवाइयां भरी हुई थीं। जब पत्रकारों ने उन्हें रोककर इतनी भारी मात्रा में दवाइयां ले जाने का कारण पूछा और वैध पर्ची परमिट दिखाने को कहा, तो बुजुर्ग ने अजीबोगरीब तर्क देते हुए दावा किया कि वे ये दवाइयां अपने घर के मवेशियों के इलाज के लिए ले जा रहे हैं। सवाल-जवाब का सिलसिला जब आगे बढ़ा और सच कैमरे में कैद होने लगा। दवाई ले जा रहे लोगों के तेवर बदल गए।
आरोपियों और उनके समर्थकों ने मौके पर तीखी नोकझोक शुरू कर दी। वीडियो फुटेज में यह साफ तौर पर सुना जा सकता है कि कवरेज कर रहे पत्रकारों को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया और उन पर ‘बड़का पत्रकार-छोटका पत्रकार’ जैसे तंज कसे गए, ताकि वे वीडियो बनाना बंद कर दे । इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय पशुपालकों और आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल की लचर व्यवस्था के कारण आम किसानों और पशुपालकों को अस्पताल में साधारण दवाइयां भी नसीब नहीं होतीं। उन्हें हमेशा बाहर से महंगी दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इसके विपरीत, कुछ खास और रसूखदार लोगों को अस्पताल से बोरे भर-भर कर सरकारी दवाइयां मुफ्त में बांटी जा रही हैं।
प्रभारी ने साधी चुप्पी, फोन उठाने से भी किया परहेज-
इस पूरे मामले पर अस्पताल प्रशासन का आधिकारिक पक्ष जानने के लिए जब कोढ़ा मवेशी अस्पताल के प्रभारी विकास कुमार के निजी मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने फोन उठाना तक मुनासिब नहीं समझा। जिम्मेदार अधिकारी का इस तरह फोन रिसीव न करना पूरे प्रकरण को और अधिक संदेहास्पद बनाता है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग –
घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और पशुपालकों ने जिला पशुपालन पदाधिकारी और जिला प्रशासन से निम्नलिखित मांगें की हैं:
स्टॉक रजिस्टर की जांच: मवेशी अस्पताल के स्टॉक
रजिस्टर की तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि यह पता चल सके कि पिछले कुछ महीनों में कितनी दवाइयां आई हैं और उनका वितरण किन नियमों के तहत हुआ है।