दोनों ओर के लोगों में खुशी
खुली डाक के माध्यम से कन्हैया लॉजिस्टिक को मिली परिचालन की जिम्मेदारी
मनिहारी /कटिहार – मनिहारी और महेशपुर घाट झारखंड के बीच गंगा नदी में यात्री फेरी सेवा का परिचालन शुक्रवार से शुरू हो गया। लंबे समय से इस सेवा के शुरू होने का इंतजार कर रहे बिहार और झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में परिचालन शुरू होने से खुशी देखी जा रही है। फेरी सेवा शुरू होने से अब दोनों राज्यों के बीच गंगा नदी के रास्ते आवागमन करना यात्रियों के लिए आसान हो जाएगा। खासकर रोजाना कामकाज, व्यापार, रोजगार और अन्य जरूरी कार्यों से एक-दूसरे क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को इससे काफी सहूलियत मिलेगी।
इस फेरी सेवा के शुरू होने से मनिहारी और साहिबगंज के बीच आवागमन को एक बेहतर विकल्प मिला है। यात्रियों को अब गंगा नदी पार करने के लिए सुविधा उपलब्ध होगी। इससे सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों का समय और परेशानी दोनों कम होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर यात्री फेरी सेवा शुरू होने की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। सेवा शुरू होने से दोनों ओर के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
राजस्व पदाधिकारी सह प्रभारी सीओ रामसागर पासवान ने जानकारी दी कि
फेरी सेवा के परिचालन की जिम्मेदारी खुली डाक की प्रक्रिया के माध्यम से कन्हैया लॉजिस्टिक को मिली है। बंदोबस्ती मिलने के बाद कंपनी की ओर से शुक्रवार से यात्री जहाज का परिचालन शुरू कर दिया गया। परिचालन शुरू होने के मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष, साहिबगंज सुनील कुमार यादव सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने फेरी सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे बिहार और झारखंड के बीच आवागमन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इधर लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर मनिहारी के उत्तरवाहिनी गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से घाट पर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में राजस्व पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी रामसागर पासवान ने गंगा घाट पहुंचकर फेरी सेवा के परिचालन और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों और परिचालन से जुड़े लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
आरओ सह सीओ रामसागर पासवान ने बताया कि मनिहारी से कारगिल (महेशपुर) घाट के बीच यात्री फेरी सेवा के परिचालन की बंदोबस्ती खुली डाक के माध्यम से कन्हैया लॉजिस्टिक को मिली है। शुक्रवार से सेवा का परिचालन शुरू कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिचालन व्यवस्था पर प्रशासन की नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहती है।
ऐसे में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।उन्होंने संबंधित लोगों को निर्धारित नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से फेरी सेवा का परिचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशासन की ओर से घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। फेरी सेवा शुरू होने से मनिहारी और साहिबगंज के बीच गंगा नदी के रास्ते यातायात को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे सीमावर्ती इलाके के लोगों को आवागमन के साथ-साथ व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों में भी सहूलियत मिलेगी।