किशनगंज/सागर चंद्रा
मुंबई के बांद्रा निर्मल नगर में एक महिला से सोने का चेन और मोबाइल छीन कर भागे आरोपी युवक को स्थानीय आरपीएफ ने दबोच लिया और इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दे दी। बुधवार को आरपीएफ ने आरोपी युवक को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए आरपीएफ इंस्पेक्टर एचके शर्मा ने बताया कि गत 10 नवंबर की रात निर्मल नगर बांद्रा (पूर्व), मुंबई से एक सूचना मिली थी कि बंगाल के दालकोला थाना क्षेत्र स्थित धापीटोला गालिया निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद शकील पिता मोहम्मद इस्लाम एक महिला से सोने का चेन और मोबाइल छीन कर भाग गया है।
वह ट्रेन संख्या 11031 अप पनवेल – अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा है। गत बुधवार को ट्रेन के किशनगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकते ही पूर्व से सतर्कता बरत रहे आरपीएफ जवानों ने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी।
मुंबई पुलिस के द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटो के आधार पर आरोपी युवक को दबोच लिया गया और मुंबई पुलिस को सूचना दे दी गई। आरोपी का पीछा कर रहे निर्मल नगर, बांद्रा (पूर्व) के जांच अधिकारी एस आई संतोष कोलागे को भी आरोपी को हिरासत में लिए जाने की सूचना दे दी गई। मुंबई पुलिस के जांच अधिकारी के किशनगंज पहुंचते ही आरोपी युवक को उनके हवाले कर दिया गया।