362 से अधिक संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर रहेगी प्रशासन की नजर, 9 क्यूआरटी का गठन; ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
किशनगंज: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए किशनगंज जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले में विधि-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के संयुक्त आदेश के तहत जिले में छह जोनल गश्ती दल सहित 362 से अधिक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके तहत कुल 350 दंडाधिकारी, 365 से अधिक पुलिस पदाधिकारी तथा चौकीदार सहित 1615 पुलिस बल को तैनात किया गया है।
आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर कुल नौ त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) का गठन किया गया है। इसमें बाइक क्यूआरटी, सोशल मीडिया क्यूआरटी और साइबर क्यूआरटी भी शामिल हैं। वहीं, पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले में 5775 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है, जबकि 1280 लोगों के विरुद्ध बाउंड डाउन की कार्रवाई की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के साथ गश्ती दल तैनात किए गए हैं। ये दल अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे और विधि-व्यवस्था की निगरानी के साथ प्रतिनियुक्त जवानों की उपस्थिति की भी जांच करेंगे। थाना गश्ती के अलावा बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से भी लगातार निगरानी की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक फोटो, वीडियो या पोस्ट प्रसारित करने वालों पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। इसके लिए स्थानीय थानों के साथ साइबर थाना एवं जिलास्तरीय सोशल मीडिया सेल को सक्रिय किया गया है। सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
प्रशासन ने पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक (वॉलंटियर) रखने, उन्हें पहचान पत्र जारी करने का निर्देश दिया है।
जिले एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जहां से स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। जिला नियंत्रण कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी होगी। इसके अलावा छठ घाटों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा ड्रोन कैमरों से भी पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी।
आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। अग्निशमन वाहन, मेडिकल टीम और एंबुलेंस को अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।