किशनगंज/सागर चंद्रा
नाबालिग लड़की का अपहरण कर उससे जबरन शादी करने वाले यूपी निवासी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बुधवार रात पुलिस ने गुप्त सूचना पर औरैया फुंफुंद यूपी निवासी अभिषेक पोलवाल पिता शंकर पोलवाल को स्थानीय रेलवे स्टेशन के निकट से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से आवश्यक पूछताछ के बाद गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जबकि मामले की पीड़िता को पुलिस ने गत मंगलवार को बरामद कर उसे परिजनों के हवाले कर दिया था।
बताते चलें कि पीड़िता के दूर के रिश्तेदार ने नाबालिग का अपहरण कर आरोपी युवक के साथ जबरन उसकी शादी करा दी थी। पिछ्ला पंचायत के पतलवा गांव निवासी नाबालिग के पिता शिव चरण हरिजन के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई थी। गत 7 नवंबर को वह पत्नी के साथ कानकी बाजार टोकरी बेचने गया था। जबकि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी कल्पना अपनी भाभी के साथ घर में थी।
इसी दौरान शिकारपुर दालकोला निवासी दूर की रिश्तेदार कौशिला उसके घर पहुंची और कल्पना को अपने घर ले जाने की जिद करने लगी। शिवचरण के इंकार करने के बाद भी 8 नवंबर को कौशिला ने मिठाई में नशीला पदार्थ मिलाकर कल्पना को खिला दिया। कल्पना के बेहोश कर दिया और उसे अपहरण कर साथ ले जाने लगी। लेकिन ग्रामीणों ने जब ई रिक्शा को रोका तो कौशिला ने कल्पना की तबीयत खराब होने का हवाला देकर उसे लेकर फरार हो गई।
कौशिला कल्पना को दालकोला के कटनाकली मंदिर ले गई और औरैया फुंफुंद यूपी निवासी अभिषेक पोलवाल पिता शंकर पोलवाल के साथ उसकी शादी करा कर उसे अभिषेक के हवाले कर दिया। अभिषेक उसे ट्रेन से अपने घर ले जा रहा था। सफर के दौरान कल्पना ने ट्रेन में साथ सफर कर रही महिला को अपनी आपबीती सुनाई।
महिला की पहल पर ट्रेन में यात्री सुरक्षा के लिए तैनात आरपीएफ ने कल्पना और अभिषेक को अपने कब्जे में ले लिया और बख्तियारपुर रेल थाना के हवाले कर दिया। रेल पुलिस की सूचना पर शिवचरण बख्तियारपुर रेल थाना पहुंचे। जहां पुलिस ने कल्पना को पिता के हवाले कर दिया था। आरोपी को रिहा करने के बाद वह किशनगंज आ गया। लेकिन इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।