कटिहार- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा 2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम कटिहार की ओर से एक सराहनीय पहल की गई है। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को गंगाजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की ओर से टोल फ्री नंबर 1800 345 1234 जारी किया गया है।
नगर निगम द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार वैसे श्रद्धालु जो किसी कारणवश मनिहारी गंगा घाट तक पहुंचने में असमर्थ हैं, वे उक्त टोल फ्री नंबर पर कॉल कर गंगाजल की मांग कर सकते हैं। कॉल प्राप्त होने के बाद संबंधित कर्मियों द्वारा आवश्यक सूचना उपलब्ध कराते हुए गंगाजल वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस व्यवस्था के सुचारू संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम प्रशासन ने कर्मियों की शिफ्टवार प्रतिनियुक्ति भी की है।
इसके तहत सुबह 6:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक मो. मुबारक, जमादार मोबाइल नंबर 8789841670 तथा दोपहर 12:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक नियाज अंसारी, जमादार मोबाइल नंबर 9650286984 को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम कटिहार द्वारा वर्ष 2023 से लगातार छठ महापर्व के अवसर पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन श्रद्धालुओं तक गंगाजल पहुंचाना है, जो छठ पूजा के लिए मनिहारी गंगा घाट नहीं जा पाते हैं।नगर निगम की इस पहल से शहर के छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी और वे घर बैठे फोन के माध्यम से गंगाजल प्राप्त करने के लिए संपर्क कर सकेंगे।