50 किलो स्मैक बनाने वाला सफेद पाउडर, केमिकल, स्कॉर्पियो और सात मोबाइल बरामद
अररिया/अरुण कुमार
जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अररिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 4 किलो 80 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ, 50 किलो स्मैक बनाने में प्रयुक्त सफेद पाउडर, एक लीटर केमिकल, पांच लीटर डिस्टिल्ड वाटर, एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो और सात मोबाइल बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि 12 नवंबर को एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में डीआईयू टीम, नगर थाना एवं आरएस थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर यह सफलता हासिल की।
पहली कार्रवाई में हड़ियाबारा टोल प्लाजा एनएच-27 से पश्चिम बंगाल के इस्माईल शेख को 812 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर जोगबनी स्टेशन रोड से रियाज अंसारी को भी पकड़ा गया।
दूसरी कार्रवाई में कुशियारगांव मछली पट्टी के पास हमसफर बस से रिंकू महलदार को 1 किलो 616 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया।
वहीं, तीसरी कार्रवाई में हड़िया चौक एनएच-27 पर वाहन जांच के दौरान बिना नंबर की स्कॉर्पियो से नबीरूल महलदार, रमजानी महलदार एवं चालक मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 1 किलो 652 ग्राम स्मैक, 50 किलो सफेद पाउडर, केमिकल एवं अन्य सामग्री बरामद हुई।
गिरफ्तार सभी छह अभियुक्त पश्चिम बंगाल के मालदा एवं अररिया जिले के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, जांच में स्मैक तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। गिरोह के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने के लिए अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में नगर थाना, आरएस थाना, डीआईयू टीम एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।