न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज के 1.58 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 17.45 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डीबीटी के माध्यम से अक्टूबर माह की पेंशन राशि की हस्तांतरित, अब हर महीने की 10 तारीख को खाते में आएगी पेंशन

किशनगंज: सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत किशनगंज जिले के 1 लाख 58 हजार 710 लाभुकों के बैंक खातों में अक्टूबर माह की पेंशन राशि हस्तांतरित कर दी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए पेंशन की राशि लाभुकों के खातों में भेजी। इस दौरान किशनगंज जिले के लाभुकों के खाते में कुल 17 करोड़ 45 लाख 81 हजार रुपये अंतरित किए गए।

राज्यभर में इस योजना के तहत 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 लाभुकों को 1100 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 12 हजार 59 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई। इसमें वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांगजन सहित समाज के कमजोर वर्गों के लाभुक शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेंशन राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। किशनगंज में इसका मुख्य कार्यक्रम समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में हुआ। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार सहित सामाजिक सुरक्षा कोषांग के पदाधिकारी, कर्मी एवं पेंशन लाभुक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशन की राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इससे वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों को नियमित आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

इस मौके पर डीएम नवीन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का उद्देश्य जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करना तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में मदद करना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में मौजूद लाभुकों ने पेंशन राशि मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, जिला प्रशासन ने ऐसे लाभुकों से जल्द से जल्द जीवन प्रमाणीकरण एवं आधार सीडिंग कराने की अपील की, जिन्होंने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। अधिकारियों ने कहा कि समय पर जीवन प्रमाणीकरण एवं आधार सीडिंग कराने से पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

Share this news

Leave a Comment