सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का दिया निर्देश
गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए होगी बैरिकेडिंग
संवेदनशील घाटों पर होगी एसडीआरएफ की टीम की तैनात
महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की भी होगी व्यवस्था
कदवा /कटिहार:-लोक आस्था के चारदिवसीय महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारी शुरु हो गई है।श्रद्धाल जहां आवश्यक तैयारियों में जुट गये हैं।वहीं प्रशासन भी घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कदवा प्रखंड क्षेत्र के कुर्सेल पंचायत अंतर्गत कालदेही सोनापुर स्थित महानंदा नदी छठ घाट का अनुमंडल पदाधिकारी राजु कुमार ने निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रेम कुमार, अंचलाधिकारी पिंटू कुमार एवं थानाध्यक्ष कुंदन कुमार साथ रहे। एसडीएम ने अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ की टीम के बोट से महानंदा नदी और घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में नदी की गहराई,साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और घाट पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अनुमंडल पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि छठ पूजा से पहले घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए, ताकि व्रतियों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।उन्होंने श्रद्धालुओं के स्नान और अर्घ्य देने के समय विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
नदी में गहरे पानी की ओर जाने से श्रद्धालुओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था के साथ व्रतियों के लिए सुरक्षित स्नान की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने खासकर महिलाओं के लिए कपड़ा बदलने के लिए चेंजिंग रूम बनाने की आवश्यकता जताया। एसडीओ ने घाटों की नियमित साफ-सफाई तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चत करने पर बल दिया।उन्होंने बयाया कि एसडीआरएफ की टीम को तत्काल प्रभाव से तैनात कर दिया गया है। टीम नदी में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहेगी। घाट पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों की भी तैनाती की गई है। महानंदा नदी के इस घाट पर छठ पूजा को लेकर नदी स्नान एवं व्रतियों का भगवान सूर्य को अर्घ्य सुरक्षित एवं शांतिपूर्वक माहौल में कराने को लेकर प्रशासन कृत संकल्पित है।