न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, हजारों रुपये की संपत्ति का नुकसान; ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने पाया काबू

विजय कुमार साह/ टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत झुनकी मुशहरा पंचायत के वार्ड संख्या दो में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई। आग मध्य विद्यालय के निकट लगी। अचानक आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से फैलने लगी। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए डायल 112 पर इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद संबंधित कर्मियों एवं दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद दमकल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, आग को फैलने से रोकने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


स्थानीय ग्रामीण अब्दुल मोबिन एवं जमाहिर आलम ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आगजनी की इस घटना में हजारों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के दौरान स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल कर्मियों के सहयोग से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

यदि आग पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के अन्य घरों एवं संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका थी। इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में बिजली के तारों एवं विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगहों पर बास बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही हैं।

शॉर्ट सर्किट से होने वाली ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समय-समय पर बिजली के तारों और कनेक्शनों की जांच जरूरी है। जूनियर इंजीनियर सीताराम प्रजापति ने बताया कि आग के कारणों का पता लगाया जा रहा हैं । फिलहाल उस स्थान पर बिजली आपूर्ति रोक दी गई है।

Share this news

Leave a Comment