फलका /कटिहार – फलका थाना क्षेत्र के सोहथा उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या-पांच स्थित कबलसिया गांव में मंगलवार के ग्यारह बजे एक घर में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में एक परिवार का एक आशियाना पूरी तरह जलकर खाक हो गया।आग की लपटें इतनी भयावह और विकराल थीं कि पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। बाद में ग्रामीणों के अथक प्रयास और सूझबूझ से आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ बर्बाद हो चुका था।
घटना के संबंध में पीड़ित पुरनी देवी ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब ग्यारह बजे अचानक उनके घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने रौद्र रूप धारण कर लिया।इस भीषण हादसा में एक परिवार का घर में रखे कपड़े, अनाज,जरूरी कागजात, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत गृहस्थी का सारा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग की ऊंची लपटें उठती देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
अग्निपीड़ित परिवार ने बताया कि इस घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय मुखिया चंदना झा को दी गई। मुखिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अंचलाधिकारी सैमी पोद्दार को सूचित किया। इस हादसे पर गहरा दुःख जताते हुए प्रखंड प्रमुख दीपशिखा सिंह, मुखिया चंदना झा, मुखिया प्रतिनिधि संजय झा सहित स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आपदा प्रबंधन के तहत अविलंब आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है।
मामले को लेकर सीओ सैमी पोद्दार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राजस्व कर्मचारी को तुरंत मौके पर भेजा गया है। उन्हें नुकसान का सही आकलन कर जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। सीओ ने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट मिलते ही पीड़ित परिवार को सरकारी नियमानुसार उचित सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।