चोरी के सामान के साथ दो गिरफ्तार
कदवा/कटिहार– थाना क्षेत्र में बीते दिनों घटित गृहभेदन की घटना का कदवा पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए चोरी के सामान के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हचलपुर निवासी शिवम कुमार चौहान (23), पिता-दिलीप चौहान और गौतम कुमार चौहान (22), पिता–जगत लाल चौहान के रूप में हुई है।
पुलिस की कारवाई में दोनों के पास से चोरी किये गये घरेलू उपयोग में काम आने वाले स्टील के बर्तन, साउंड बॉक्स और कांच की चूड़ियां व बाला बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को दिवा गश्ती में निकली पुलिस चपरघट पुल के पास मौजूद थी। इसी दौरान उन्हे गुप्त सूचना मिली कि हचलपुर रतनी में दो व्यक्ति प्लास्टिक के बोरों में चोरी का सामान लेकर भाग रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गये स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को तीन प्लास्टिक के बोरों के साथ हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान बोरों से चोरी किया गया घरेलू उपयोग के स्टील के बर्तन, एक साउंड बॉक्स तथा कांच की चूड़ियां और बाला बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने संतोष कुमार, निवासी हचलपुर के घर से उक्त सामान चोरी कर ले जाने की बात स्वीकार की स्थानीय चौकीदार के माध्यम से घटना का सत्यापन कराने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कांड संख्या 549/26 दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। बताया जाता है कि चोरी की घटना का खुलासा हो जाने से क्षेत्र में कदवा पुलिस की विश्वसनीयता बढ गई है।