न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

काढ़ागोला गंगा घाट पर 20 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

पूर्णिया, कटिहार, गेड़ाबाड़ी व समेली सहित दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बरारी /कटिहार – लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर ऐतिहासिक काढ़ागोला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। मंगलवार को करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। पूर्णिया, कटिहार, गेड़ाबाड़ी, समेली सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए पहुंचे। सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

गंगा स्नान के बाद लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।घाट पर दर्जनों अस्थायी दुकानें सजने से मेले जैसा नजारा देखने को मिला। दुकानों पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। इससे गंगा घाट का माहौल भक्तिमय होने के साथ उत्सवी रंग में भी रंगा नजर आया।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। घाट पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी।

गंगा में सुरक्षा के लिए मोटरबोट तैनात की गई थी। वहीं लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार श्रद्धालुओं को सतर्क किया जा रहा था। उन्हें गहरे पानी में नहीं जाने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही थी।

आवागमन सुचारु रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए चिन्हित एकल मार्ग निर्धारित किया गया था। क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है।वहीं, छठ व्रती निर्मला देवी, पूनम देवी, किरण कुमारी, रमा देवी और माला देवी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद ईंट के चूल्हे पर प्रसाद तैयार कर ग्रहण किया। घाट पर छठ के पारंपरिक अनुष्ठानों और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।

Share this news

Leave a Comment