छठव्रतियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की कवायद तेज, साफ-सफाई एवं स्वच्छ वातावरण पर विशेष जोर
बारसोई/कटिहार – छठ महापर्व को लेकर नगर पंचायत बारसोई में तैयारिया शुरू हो गया है। महापर्व के दौरान छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके मद्देनजर नगर पंचायत प्रशासन ने घाटों की व्यवस्था को दुरुस्त करने की पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में नगर पंचायत के सद्भावना मैदान स्थित छठ घाट का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी रजनीश कुमार , उपमुख्य पार्षद प्रमोद साह, रोहित भगत, धर्मेंद्र सिंह, राजेश पासवान, राजेश भगत एवं कनीय अभियंता शशिकांत सिन्हा शामिल हुए। निरीक्षण के दौरान घाट की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया गया।
साथ ही छठ पूजा से पूर्व साफ-सफाई एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाट पर स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
नगर पंचायत प्रशासन का लक्ष्य है कि लोक आस्था का यह महापर्व स्वच्छ, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो तथा छठव्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने में किसी तरह की कठिनाई न हो।