न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

स्मैक के धंधे पर पुलिस का शिकंजा, 19.16 ग्राम बरामदगी मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार

19.16 ग्राम स्मैक बरामदगी मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

अप्रैल में पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपी को किया था गिरफ्तार, दूसरा नामजद आरोपी लंबे समय से चल रहा था फरार

निशांत/बहादुरगंज/किशनगंज

बहादुरगंज थाना पुलिस ने स्मैक तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र के फुलवारी निवासी मो. जुनेद, पिता नजामुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और मेडिकल जांच पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

मामले की जानकारी देते हुए बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि बीते अप्रैल माह में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के भाटावरी से फुलवारी जाने वाली सड़क के समीप चोरी-छिपे स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखते ही वहां मौजूद आरोपी भागने लगे।

पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को मौके से 19.16 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, इस मामले में नामजद दूसरा आरोपी मो. जुनेद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मो. जुनेद को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Share this news

Leave a Comment