बहादुरगंज में 58 वर्षीय मां की बेरहमी से पिटाई
बेहोश होने के बाद भी नहीं रुका आरोपी पुत्र
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर किया गिरफ्तार
बहादुरगंज/किशनगंज/निशांत
बहादुरगंज प्रखंड क्षेत्र के दुर्गापुर बंगामा पंचायत स्थित वार्ड संख्या-09 में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। महज खेत में आलू लगाने को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपनी ही 58 वर्षीय मां की लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। आरोप है कि मां के बेहोश हो जाने के बाद भी पुत्र का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह लगातार उनके साथ मारपीट करता रहा। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र सहीरुल आलम (30) को गिरफ्तार कर लिया है।
खेत में आलू लगाने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद
मृतका की पहचान खैरुण निशा (58 वर्ष), पति स्वर्गीय जियाउद्दीन के रूप में हुई है। घटना को लेकर मृतका के बेटे चिराग अली (33 वर्ष), निवासी रूपनी, बहादुरगंज ने थाना में लिखित आवेदन देकर अपने मंझले भाई सहीरुल आलम पर हत्या का आरोप लगाया है।
दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना रविवार की है। खैरुण निशा दोपहर करीब तीन बजे विशनपुर से घर लौटी थीं। इसके बाद वह अपनी बड़ी बहू अबसरी बेगम के साथ बैठकर खाना खा रही थीं। इसी दौरान घर की छोटी बहू खेत में आलू लगाने गई। आरोप है कि वहां मौजूद सहीरुल आलम ने उसे आलू लगाने से रोक दिया। इस पर मां ने कहा कि यदि खेत में आलू लगाया जा रहा है तो लगाने दिया जाए। मां की यह बात आरोपी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
मां बेहोश हुई, फिर भी नहीं रुके बेटे के हाथ-पैर
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सहीरुल आलम ने अपनी मां को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और जमीन पर पटक-पटककर हमला किया। मां के बेहोश हो जाने के बाद भी आरोपी उनके ऊपर चढ़कर मारपीट करता रहा। पिटाई इतनी गंभीर थी कि उनकी नाक और मुंह से खून निकलने लगा तथा देखते ही देखते उनका पूरा शरीर सूज गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। परिजन उन्हें अचेत अवस्था में इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन गाड़ी में बैठाते ही उनकी मौत हो गई। मां की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पिता से भी मारपीट करने का परिजनों ने लगाया आरोप
परिजनों ने शिकायत में आरोपी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि वह पहले भी घर के सामान और संपत्ति पर कब्जा जमाने को लेकर अपने पिता के साथ मारपीट करता था। पिता की मृत्यु के बाद अब वह अपनी मां के साथ भी मारपीट करने लगा था। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
आरोपी पुत्र गिरफ्तार, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, चिराग अली के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी पुत्र सहीरुल आलम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।