कटिहार /प्रतिनिधि
कटिहार विकास भवन में उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी ने अपने कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित कर जीविका के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में निदेशक एनईपी शिवेश कुमार, जीविका जिला परियोजना प्रबंधक इन्द्र शेखर इंदु,अंकित कुमार सहित विषयगत प्रबंधक उपस्थित रहे तो वहीं अन्य विडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि जिले में जीविका द्वारा अभी तक कुल 46,522 स्वयं सहायता समूहों का गठन कर लगभग 5,45,720 परिवारों को जोड़ा जा चूका है। जिसमें कुल 39;535 स्वयं सहायता समूहों का बचत खाता है और 37,300 समूहों को बैंक ऋण की सुविधा प्राप्त है। बैठक में डीपीएम ने बताया कि जिले में 253 कृषि सखियाँ कार्यरत हैं, जो 258 निबंधित सहित अन्य परिवारों को कृषि कार्यों में सहयोग प्रदान करती है।
मत्स्य पालन के लिए चार पोखरों का अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। जिसके कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है। वहीं 3,070 परिवार डेयरी से जुड़े हैं।833 परिवारों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना का लाभ दिया जा चुका है।उन्होंने जानकारी दी कि जीविका द्वारा जिले मे ऑगनबाड़ी के बच्चों के लिए 2,66,734 ड्रेस बनाने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है।
कदवा, कुर्सेला एवं कटिहार सदर में जीविका भवन के निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध कराई गई,लेकिन अनापत्ति प्रमाण-पत्र अप्राप्त है। दीदी अधिकार केंद्र के अंतर्गत अमदाबाद एवं डंडखोरा में विधि सहायता केंद्र की स्थापना हेतु राज्य कार्यालय से आदेश प्राप्त हुआ है, लेकिन भवन मरम्मत का कार्य अभी बाकी है।जिले के चार प्रखंडों में जीविका दीदी की लाइब्रेरी का संचालन किया जा रहा है। इन लाइब्रेरी में प्रतिदिन बच्चे पढ़ने आते हैं।
यहाँ एनसीईआरटी से संबंधित कक्षा 12वीं तक की पुस्तकें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अलग से पुस्तकें एवं मैगजीन भी उपलब्ध कराई जा रही है। लाइब्रेरी संचालन हेतु भवन की आवश्यकता है। फलका में भवन चिन्हित किया गया है, लेकिन भवन उपलब्ध नहीं कराया गया है। सेकंड चांस प्रोग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत 600 के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध कटिहार जिले में 772 दीदियों को लाभ दिया जा चुका है। इस उपलब्धि के साथ जिला पूरे बिहार में प्रथम स्थान पर है।
स्वास्थ्य पोषण के अंतर्गत विभिन्न आयामों को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। मातृ मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा विभिन्न एसएचजी एवं भीओ को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। डीपीएम ने जानकारी दी कि 1,364 महादलित परिवारों को शौचालय निर्माण हेतु राशि उपलब्ध कराई गई है।
उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि ग्यारह हजार महिलाओं को आरसेटीआइ के माध्यम से प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया गया है। इसके अतिरिक्त 2,600 महिलाओं को अन्य रोजगार गतिविधियों से भी लाभान्वित किया जा चुका है। सतत जीविकोपार्जन योजना योजना के अंतर्गत अब तक लगभग नौ हजार से अधिक परिवारों का चयन कर उन्हें योजना से जोड़ा जा चुका है।
इस उपलब्धि के साथ कटिहार बिहार में दूसरी सबसे बड़ी संख्या में परिवारों को सतत जीविकोपार्जन योजना के अंतर्गत लाभान्वित कराने वाला जिला बन गया है।वहीं संस्था निर्माण एवं क्षमता वर्धन को लेकर स्वयं सहायता समूहों एवं ग्राम संगठन के गठन के लक्ष्य को शतप्रतिशत पूरा कर लिया गया है। लेकिन स्वयं सहायता समूहों का आधारभूत प्रशिक्षण निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा नहीं हो सका है। अगले दो क्वार्टर के भीतर शेष प्रशिक्षण कार्य को पूरा कर लेने का निर्देश दिया गया है।
बताया गया कि जिले में विभिन्न प्रकार की आजीविका एवं स्वरोजगार संबंधी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। जिनमें दीदी की रसोई, सिलाई केंद्र, संकुल संघ के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियाँ एवं अन्य जीविकोपार्जन संबंधी कार्य शामिल हैं। इन सभी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने हेतु जीविका के सोशल मीडिया ग्रुप में नियमित रूप से छोटे-छोटे वीडियो एवं फोटो के माध्यम से गतिविधियों को साझा एवं अपडेट करने का निर्देश दिया गया है।
साथ हीं जीविका के सभी कर्मियों एवं कैडरों को सोशल मीडिया ग्रुप से जुड़ने एवं उसे फॉलो करने हेतु प्रेरित किया जाए। डीडीसी ने प्रबंधक, संचार को जिले के सोशल मीडिया ग्रुप को नियमित रूप से संधारित करने तथा जिला प्रशासन के सोशल मीडिया ग्रुप पर भी अधिक से अधिक गतिविधियों को साझा करने का निर्देश दिया।वहीं बड़े स्तर पर संचालित होने वाली गतिविधियों का वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ।
जीविका द्वारा जिले के 31,640 समूहों को परिक्रमी निधि एवं 34,024 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि की राशि का हस्तांतरण किये जाने, सीएमएफ के ऑडिट कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लेने पर संतोष व्यक्त किया।