गोदाम मालिक और दो पुत्र गिरफ्तार
हरिगंज मोहल्ले के कोरियापट्टी में नगर थाना पुलिस ने की छापेमारी
शराब तस्करी में तीनों की संलिप्तता का आरोप
कटिहार- – नगर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हरिगंज मोहल्ले के कोरियापट्टी स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर पुलिस ने 479.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में गोदाम मालिक और उसके दो पुत्रों सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार 7 नवंबर को नगर थानाध्यक्ष कुन्दन कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि हरिगंज मोहल्ला कोरियापट्टी निवासी गौरव कुमार सिंह के गोदाम में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है।
सूचना के सत्यापन के बाद नगर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गोदाम में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से कुल 479.5 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से गोदाम मालिक गौरव कुमार सिंह (29) उसके भाई योगेश सिंह (31) और पिता संतोष सिंह (58) को गिरफ्तार किया है। तीनों हरिगंज मोहल्ला के निवासी बताए गए हैं।
इस मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब के स्रोत और इसके कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। वहीं शराब की इतनी बड़ी खेप गोदाम में छिपाकर रखे जाने को लेकर पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।