बेटी की शादी के लिए रखे 4 लाख रुपए भी राख
मजदूरी कर पाई-पाई जोड़कर जमा की थी नकदी
करीब 4 लाख के जेवरात और घर का सामान भी नष्ट; प्रशासन ने दी राहत सामग्री
बरारी /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के सुखासन पंचायत के वार्ड संख्या-13 स्थित स्कूल टोला राय टोला में चूल्हे की चिंगारी से लगी आग में चार परिवारों के घर और लाखों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। बताया जाता है कि बच्चों की गलती से चूल्हे से निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। अगलगी में घरों में रखे कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, जेवरात, जरूरी कागजात और नकदी जलकर नष्ट हो गई।इस घटना में मो. अख्तर आलम,मो. साहबुल, मो.शकुर और मजहरुल हक के परिवार प्रभावित हुए हैं।
सबसे अधिक नुकसान मो. अख्तर आलम के परिवार को हुआ है। उनकी बेटी की शादी होने वाली थी। शादी की तैयारी के लिए अख्तर आलम मजदूरी कर लंबे समय से पाई-पाई जोड़ रहे थे। उन्होंने करीब चार लाख रुपए नकद जमा कर रखे थे। आग में शादी के लिए रखी पूरी नकदी, लगभग चार लाख रुपए के जेवरात, जमीन के कागजात और घर का सारा सामान जल गया।
वर्षों की मेहनत से जुटाई गई पूंजी के नष्ट होने से परिवार के सामने बेटी की शादी और भरण – पोषण का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से उचित मुआवजे और आवासीय सहायता की मांग की है।
वहीं सीओ मनीष कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवारों को पॉलीथिन शीट, बाल्टी और राशन किट उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर घर जलने की सूचना है।पीड़ित परिवार से आवेदन मिलने के बाद सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी।