कहानी वाचन में छोटी और दीवानी कुमारी ने हासिल किया द्वितीय स्थान
हसनगंज /कटिहार -महेश्वरी एकेडमी, कटिहार में आयोजित जिला स्तरीय कला उत्सव में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, हसनगंज के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मक क्षमता का बेहतर प्रदर्शन करते हुए निर्णायक मंडल एवं उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।इस दौरान आयोजित कहानी वाचन प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा छोटी कुमारी और दीवानी कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं लोक नृत्य सहित अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं ने भी अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से नोडल शिक्षिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं सभी शिक्षक – शिक्षिकाओं ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए बच्चों को बधाई दी।प्रधानाध्यापक श्री पवन कुमार भगत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
जरूरत है तो बस उन्हें सही दिशा, मार्गदर्शन और उचित मंच उपलब्ध कराने की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन में बच्चों की भागीदारी से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। झिझक दूर होती है और उनके अंदर छिपी प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।