न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

मेरा युवा भारत कटिहार की विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन,नो योर वोट विषय पर युवाओं को किया गया जागरूक

पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा—लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की जागरूक एवं सक्रिय भागीदारी आवश्यक

कटिहार – युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत कटिहार की ओर से विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम के तहत अपने मताधिकार को जानें विषय पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व, मतदाता अधिकारों, चुनावी प्रक्रिया तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा कटिहार के जिला अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार, महानिदेशक नामित सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता बबन झा शामिल हुए।

इसके साथ ही राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कटिहार के प्राचार्य राकेश कुमार उप प्राचार्य सुश्री पूजा कुमारी, मेरा युवा भारत कटिहार के जिला युवा अधिकारी नीरज कुमार झा यूथ आइकॉन सुश्री पूजा कुमारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं परिचय के साथ हुआ। इस अवसर पर विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई।


मुख्यअतिथि तारकिशोर प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और इसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती प्रत्येक नागरिक की जागरूकता एवं जिम्मेदारी पर निर्भर करती है। मतदान लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक योग्य नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं मतदान के प्रति जागरूक बनें और अपने परिवार, समाज तथा आसपास के लोगों को भी मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवा भारत के सदस्य बबन झा ने कहा कि व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी देश की प्रगति के लिए आवश्यक है। युवाओं को मतदान संबंधी सही जानकारी प्राप्त कर समाज में जागरूकता का संदेश फैलाना चाहिए।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य राकेश कुमार एवं उप प्राचार्य सुश्री पूजा कुमारी ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नागरिक जागरूकता भी युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक युवा को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।जिला युवा अधिकारी श्री नीरज कुमार झा ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मेरा युवा भारत का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

विकसित भारत युवा संवाद के माध्यम से युवाओं को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। अपने मताधिकार को जाने इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से युवाओं को मताधिकार एवं लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी जा रही है।यूथ आइकॉन सुश्री पूजा कुमारी ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा समाज में सकारात्मक बदलाव के सबसे बड़े वाहक हैं।

मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में युवाओं को आगे आकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।कार्यक्रम के दौरान युवाओं को मतदाता बनने की पात्रता, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, मतदाता पहचान पत्र, मतदान की गोपनीयता, निष्पक्ष मतदान तथा चुनाव में नागरिकों की भूमिका से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही युवाओं को बताया गया कि लोकतंत्र में प्रत्येक योग्य मतदाता का मत महत्वपूर्ण है और किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव या भेदभाव से प्रभावित हुए बिना अपने विवेक के अनुसार मतदान करना चाहिए।

Share this news

Leave a Comment