कलाकारों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक
जवाहर नवोदय विद्यालय कोलासी में लोकगीत, लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कोढ़ा/ कटिहार- बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और कला की अनूठी छटा सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी के प्रांगण में देखने को मिली। कला एवं संस्कृति विभाग बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय उत्सव–2026 में जिले की प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक विरासत की जीवंत तस्वीर पेश की।
उत्सव का शुभारंभ कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, कोढ़ा विधायक कविता पासवान,जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह,उप विकास आयुक्त डॉ.नेहा कुमारी एवं मनोज सिंह कुशवाहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन के दौरान लोकगीत, लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कलाकारों ने अपनी गायकी, नृत्य और अभिनय के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पारंपरिक लोकधुनों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि लोककला हमारी पहचान और सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने के साथ उन्हें अपनी कला निखारने का अवसर देते हैं। आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना समय की जरूरत है।
उत्सव में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम ने जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के साथ लोकपरंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया।