न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

इंडी गठबंधन की ‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ महारैली: सांसद डॉ. जावेद आजाद ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, बताया कायर

संवाददाता/ किशनगंज

आगामी 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस और इंडी गठबंधन द्वारा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ (चलो दिल्ली) महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में किशनगंज के कांग्रेस सांसद डॉ. जावेद आजाद ने बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने दिल्ली में रह रहे सीमांचल के तमाम लोगों से इस महारैली में भारी संख्या में शामिल होने की पुरजोर अपील की है।

इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। डॉ. जावेद ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन लगातार लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहा है, लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त को बचाने में पूरी तरह जुगी हुई है। उन्होंने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त और गृहमंत्री अमित शाह की मिलीभगत के कारण ही भारतीय जनता पार्टी ने बिहार और बंगाल में चुनाव जीता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया ‘कायर’

सांसद डॉ. जावेद आजाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘कायर’ करार देते हुए कहा कि जब विपक्षी दलों और देश के युवाओं ने वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाई और आंदोलन किया, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदर्शन के मुख्य स्थल जंतर-मंतर को ही प्रतिबंधित कर दिया।

रामलीला मैदान को खचाखच भरने का आह्वान

डॉ. जावेद ने सीमांचल और देशवासियों से आह्वान किया कि हमें लाखों की संख्या में पहुंचकर रामलीला मैदान को भरना होगा। इसके जरिए नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को यह दिखाना है कि वे किस प्रकार देश की आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकार छीन रहे हैं।पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक कमरूल हुदा, जिलाध्यक्ष शहाबुल अख्तर, इमाम अली चिंटू सहित कई अन्य गणमान्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Comment