न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

अररिया में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 332 ग्राम स्मैक बरामद; तीन तस्कर गिरफ्तार, एक फरार

पलासी, अररिया और ताराबाड़ी थाना क्षेत्रों में पुलिस की छापेमारी, बंगाल से स्मैक लाने वाले तस्कर भी पुलिस के निशाने पर

अररिया/अरुण कुमार

जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 332.32 ग्राम स्मैक बरामद किया है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि पहली कार्रवाई पलासी थाना क्षेत्र के चरैबना गांव में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के वार्ड संख्या-01 में राजाबुल उर्फ टोकना स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान तजमुल को उसके घर से स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि राजाबुल उर्फ टोकना मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस कार्रवाई में 111 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। मामले में पलासी थाना कांड संख्या 451/26 दर्ज किया गया है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई अररिया थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से स्मैक की खेप लेकर एक व्यक्ति जोगबनी होते हुए फारबिसगंज की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मालदा जिले के बैष्णवनगर थाना क्षेत्र निवासी करीब 50 वर्षीय अब्दुल करीम अली को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 194.74 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ और एक पेड़ वाला मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

इधर, तीसरी कार्रवाई ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने 26.58 ग्राम स्मैक और एक कीपैड मोबाइल के साथ विकास विश्वास उर्फ विकास कुमार यादव (30) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी पेटहाना वार्ड संख्या-01 का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ ताराबाड़ी थाना कांड संख्या 71/26, दिनांक 4 मई 2026 को धारा 8(C)/21(b)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

तीनों कार्रवाइयों में कुल 332.32 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क, सप्लायर और अन्य सहयोगियों का पता लगाने में जुटी है। फरार आरोपी राजाबुल उर्फ टोकना की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा है। पुलिस की इन कार्रवाइयों को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share this news

Leave a Comment