न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

BiharCrime: कटिहार में 80 लाख रुपये के स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार,दो मोटरसाइकिल जब्त

मनिहारी की ओर जा रहे थे तस्कर,मनिया पुल के नीचे वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दबोचा

828 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

कटिहार – नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कटिहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब 80 लाख रुपये के बाजार मूल्य का 828 ग्राम स्मैक बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों के पास से दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ व्यक्ति पश्चिम बंगाल की ओर से मनिहारी की तरफ अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ सुरतुलसी सड़क के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इसी क्रम में मनिया पुल के नीचे दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे।

हालांकि, पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को खदेड़कर पकड़ लिया। इसके बाद उनकी विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 828 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया गया। बरामद स्मैक का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 80 लाख रुपये आंका गया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत इस्लामपुर निवासी कलीमुद्दीन के पुत्र शमशुल आलम (20) मालदा जिले के रतुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मकईया निवासी मो. रफीक के पुत्र मो.इशारुल (20) तथा कटिहार जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुरतुलसी कॉलेज निवासी गोपाल चौरसिया के पुत्र गोकुल कुमार (32) के रूप में हुई है। इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 415/26 दर्ज कर तीनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।

मामले में अग्रेतर अनुसंधान एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पश्चिम बंगाल से बिहार के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी की आशंका के बीच हुई इस कार्रवाई को पुलिस की सतर्कता और सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं करीब 80 लाख रुपये मूल्य के स्मैक की बरामदगी से नशे के अवैध कारोबार के नेटवर्क को लेकर भी कई सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस अनुसंधान में तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों और इसके नेटवर्क के संबंध में जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Share this news

Leave a Comment