किशनगंज/सागर चंद्रा
शनिवार सुबह भी बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर एक बुजुर्ग महिला को गले से सोने का चेन छीन लिया और फरार हो गया। शहर के व्यस्ततम इलाके में शुमार अस्पताल रोड में घटित घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित महिला अनिमा पाल की लिखित शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल कर बदमाशों की पहचान कर रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह अस्पताल रोड निवासी पीड़ित महिला अपने घर के सामने खड़ी थी। इसी दौरान गांधी चौक की दिशा से बाइक सवार होकर दो बदमाश उनके पास पहुंचे। बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हैल्मेट पहन रखा था।बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने बुजुर्ग महिला से किसी गोपाल के संबंध में पूछा और उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया। इसी दौरान एक बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने का चेन छीन लिया और डेमार्केट की दिशा में फरार हो गया।
महिला जब-तक कुछ समझ पाती तब तक बदमाश उनकी आंखों से ओझल हो गया था। हालांकि बुजुर्ग महिला अनिमा पाल के द्वारा शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ स्थानीय लोगों ने बदमाशों के भागने की दिशा में उनका पीछा भी किया। लेकिन तब तक देर हो गई थी। पीड़ित महिला ने बताया कि बदमाश ढ़ाई भरी के सोने का चेन और हीरा का लॉकेट छीन कर भाग गया ।पीड़ित द्वारा थाने में आवेदन दिया गया है जिसके बाद पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुटी हुई है।