मनिहारी /कटिहार- मनिहारी में कृषि विभाग की टीम ने अवैध रूप से डीएपी खाद के परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए 150 बोरी खाद लदे सोनालिका ट्रैक्टर को जब्त किया है। इस मामले में ट्रैक्टर के मालिक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनिहारी बिनोद कुमार ने जानकारी दी कि उन्हें देर रात गुप्त सूचना मिली कि कुमारीपुर में उर्वरकों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा रहा है, उनके द्वारा थानाध्यक्ष को त्वरित कार्रवाई के निदेश देते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी मनिहारी, अनुमंडल पदाधिकारी को भी वस्तु स्तिथि से अवगत करा दिया गया।
श्री कुमार के अनुसार 30 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे अनुमंडल एवं प्रखंड कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने कुमारीपुर क्षेत्र के भट्ठा चौक के समीप कार्रवाई कीगयी । इस दौरान सोनालिका ट्रैक्टर पर लदी 150 बोरी डीएपी खाद बरामद की गई। प्रत्येक बोरी में 50 किलोग्राम खाद थी। इस प्रकार कुल 7.5 मीट्रिक टन खाद जब्त की गई। जांच के दौरान खाद के परिवहन से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
इसके बाद विभागीय टीम ने खाद सहित ट्रैक्टर को जब्त कर मनिहारी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले में प्रखंड कृषि समन्वयक उमेश कुमार सिंह की लिखित शिकायत पर मनिहारी थानाकांड संख्या 526/26 दर्ज कर ली गयी है। उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।