बच्चों की नियमित उपस्थिति, बेहतर शिक्षा और स्वच्छता पर अभिभावकों से की गई चर्चा।
दिघलबैंक:प्राथमिक विद्यालय उत्तर कुढ़ेली में शनिवार को ‘स्वच्छता हमारी संस्कृति’ थीम पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अभिभावकों के साथ चर्चा की गई।
कार्यक्रम में प्रधान शिक्षक विक्रम मिश्रा ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य और सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यालय में मिलने वाली शिक्षा के साथ घर का वातावरण भी बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण को प्रभावित करता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों में साफ-सफाई, अनुशासन और अच्छी आदतें विकसित करने की अपील की।
शिक्षक सुनील कुमार, एस राही और जूली कुमारी ने बच्चों की नियमित उपस्थिति, गृहकार्य, पढ़ाई में निरंतरता और घर पर अध्ययन के लिए अनुकूल माहौल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
संगोष्ठी में जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, ई-कचरे के उचित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों को जागरूक करने पर भी चर्चा हुई। अभिभावकों से घर में बच्चों के लिए अध्ययन कोना (स्टडी कॉर्नर) विकसित करने तथा उनकी पढ़ाई में नियमित सहयोग करने की अपील की गई।
मौके पर विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्याम कुमार गणेश, सचिव यशोदा देवी सहित अभिभावक एवं स्थानीय समुदाय के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।