अपहृत पत्रकार सकुशल बरामद, वारदात में प्रयुक्त कार और मोबाइल जब्त
कटिहार – पत्रकार का अपहरण कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में कटिहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर कांड का उद्भेदन कर लिया। पुलिस ने अपहृत पत्रकार को सकुशल बरामद करने के साथ ही घटना में संलिप्त तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से वारदात में प्रयुक्त एक कार और मोबाइल भी बरामद किया गया है।
एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि 29 अक्टूबर को वादी गुलाम मुर्तजा (44) पिता शेख अबुज निवासी इमाम नगर थाना आजमनगर जिला कटिहार ने आवेदन देकर बताया कि वे अपने पत्रकार साथी मो. कलीम के साथ समाचार संकलन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मो. आशिक ने कथित तौर पर खाद की कालाबाजारी से संबंधित समाचार प्रकाशित करने को लेकर फोन पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद काले रंग की कीया कार से पीछा करते हुए लाभा जीरो माइल के आगे हथियार का भय दिखाकर उन्हें जबरन गाड़ी में बैठा लिया और मारपीट करते हुए मनिहारी के रास्ते अमदाबाद ले जाया गया। वहां उनकी रिहाई के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। राशि नहीं देने पर दियारा क्षेत्र में ले जाकर हत्या करने की धमकी भी दी गई। इस संबंध में रोशना थाना कांड संख्या 205/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल एसआईटी का गठन किया गया। गठित टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान तथा मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज छह घंटे के अंदर अपहरण कांड का सफल उद्भेदन कर लिया। पुलिस ने मामले में संलिप्त तीन आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए अपहृत पत्रकार को सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनिहारी थाना क्षेत्र के सोडाजंगी निवासी मो. आशिक (37) पिता मो. सीताबुद्दीन मनिहारी थाना क्षेत्र के ही निवासी मो. साबिर आलम (21) पिता अब्दुल अगिताज तथा मनिहारी थाना क्षेत्र के बोरणी निवासी मनीष कुमार गोस्वामी (21) पिता नारायण गोस्वामी के रूप में हुई है।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक कार और एक मोबाइल भी जब्त किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने अपहरण और फिरौती के गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। वहीं पत्रकार को सकुशल मुक्त कराने से परिजनों एवं पत्रकार समुदाय ने राहत की सांस ली है।