सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे वाहन
बारसोई /कटिहार – बारसोई बलरामपुर स्टेट हाइवे 98 पर रविवार एक नवंबर को आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। बारसोई जंक्शन के समीप निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज आरओबी के गर्डर लॉन्चिंग कार्य को लेकर प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। बारसोई के अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए वाहन चालकों एवं आम लोगों से निर्धारित समय के दौरान मार्ग का उपयोग नहीं करने की अपील की है।
बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड की ओर से जारी पत्र के अनुसार रेलवे ओवरब्रिज के ए-1-पी-1 स्पैन पर गर्डर चढ़ाने का कार्य रविवार को किया जाएगा। इसके लिए रेलवे अधिकारियों के साथ संयुक्त स्थल निरीक्षण के बाद रेलवे की ओर से सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक की अनुमति दी गई है।
इसी अवधि में बारसोई-बलरामपुर मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।गर्डर लॉन्चिंग के दौरान सुरक्षा एवं निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए सड़क यातायात को अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा। इस दौरान छोटे बड़े सभी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से गुजरना होगा।
प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा आम लोगों की परेशानी कम करने के लिए आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।रविवार को बारसोई से बलरामपुर तथा इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मार्ग बंद रहने के कारण वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलना चाहिए तथा वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना चाहिए। रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में सड़क एवं रेल यातायात की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।