न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर ठाकुरगंज में श्रद्धांजलि सभा, विधायक ने की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा

भातढाला पार्क के समीप आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने लौहपुरुष को किया नमन, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

मो मुर्तुजा/ठाकुरगंज

देश की एकता एवं अखंडता के शिल्पकार, स्वतंत्रता सेनानी और भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को ठाकुरगंज नगर स्थित भातढाला पार्क के समीप श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। पटेल सेवा संघ, जिला इकाई किशनगंज के तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने सरदार पटेल के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय जदयू विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत ठाकुरगंज के मुख्य पार्षद कृष्ण सिंह उर्फ सिकंदर पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार, अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अवधेश कुमार शर्मा एवं अधिवक्ता कौशल किशोर यादव सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने कार्यक्रम स्थल पर लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय एकता का अनुपम उदाहरण है। आजादी के बाद उन्होंने अपनी राजनीतिक सूझबूझ, दूरदर्शिता और मजबूत नेतृत्व के बल पर 565 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनकी जयंती केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेने का दिन है।

अधिवक्ता कौशल किशोर यादव ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही स्वतंत्र भारत को एक मजबूत राष्ट्र बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया। वहीं प्रो. दिलीप कुमार यादव, राजेश करनानी सहित अन्य वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के प्रथम गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल ने राष्ट्रीय एकीकरण की जो मिसाल कायम की, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि मो. अहमद हुसैन, वार्ड पार्षद अमित कुमार सिन्हा एवं सजन कुमार, पार्षद प्रतिनिधि मयंक शांडिल्य, प्रदीप साह, मो. खालिक अंसारी, सकलदेव पासवान, कुलभूषण सिंह, नरेश साह, अनिल महाराज, जदयू नगर अध्यक्ष अमरजीत चौधरी, गौरव गुप्ता एवं गोपेश यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पटेल सेवा संघ के सुमन भारती, बांके बिहारी, राधेश्याम सिंह, सिद्धार्थ गौतम, चंद्रकांत गौतम, आयुष महतो, जयशंकर राय, अमरकांत राय सहित संघ के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share this news

Leave a Comment