न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

राष्ट्रीय एकता दिवस पर किशनगंज पुलिस ने देखा ‘एकता परेड-2026’ का लाइव प्रसारण, एसपी ने दी जिलेवासियों को बधाई

पुलिस सभागार में बड़े स्क्रीन पर हुआ सीधा प्रसारण, पुलिस अधिकारियों, युवाओं, छात्रों और जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

किशनगंज:राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को किशनगंज पुलिस की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गुजरात के एकतानगर में आयोजित ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण पुलिस सभागार में बड़े स्क्रीन एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ शहर के आम नागरिकों, युवाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पुलिस उपाधीक्षक साइबर, पुलिस उपाधीक्षक यातायात सहित उपस्थित लोगों के साथ एकता परेड का लाइव प्रसारण देखा। इस अवसर पर एसपी ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिलेवासियों को बधाई दी। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होकर एकता परेड का सीधा प्रसारण देखने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं, जिले के विभिन्न पुलिस प्रतिष्ठानों एवं थानों में भी एकता परेड के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। पुलिस केंद्र में पुलिस उपाधीक्षक रक्षित, पुलिस कार्यालय में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, किशनगंज थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01, ठाकुरगंज थाना में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02 तथा बहादुरगंज थाना परिसर में अंचल पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में कार्यक्रम का प्रसारण देखा गया। इसके अलावा जिले के अन्य सभी थानों में थानाध्यक्षों की मौजूदगी में पुलिस पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों, आम नागरिकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से इस कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व को और अधिक प्रभावी ढंग से रेखांकित किया।

Share this news

Leave a Comment