जिलाध्यक्ष हबीबुर रहमान के नेतृत्व में हुआ आयोजन, राष्ट्रीय अध्यक्ष के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की
किशनगंज: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से शनिवार को किशनगंज स्थित जिला कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हबीबुर रहमान के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई दी और चिराग पासवान के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने चिराग पासवान के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए उनका संकल्प पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है।
इस दौरान जिला अध्यक्ष हबीबुर रहमान ने कहा कि लंबे समय से चिराग पासवान के सान्निध्य में संगठन के लिए कार्य करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उनके मार्गदर्शन, स्नेह और विश्वास से राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में निरंतर सीखने का अवसर मिला है।
कार्यकर्ताओं ने ईश्वर से चिराग पासवान के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके कुशल नेतृत्व में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) निरंतर नई ऊंचाइयों को छुएगी और बिहार सहित देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।