न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

स्कॉटिश पब्लिक स्कूल में सुरक्षित बचपन अभियान पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

न्यायिक पदाधिकारियों ने बच्चों को किया जागरूक

कटिहार- बच्चों के अधिकारों की रक्षा और सुरक्षित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार कटिहार के तत्वावधान में बरमसिया स्थित स्कॉटिश पब्लिक स्कूल के प्रशाल भवन में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी सह कला विभागाध्यक्ष कौशिक कर ने बताया कि स्कॉटिश के होनहार छात्र-छात्राओं द्वारा बाल अधिकार, बाल संरक्षण, मानव तस्करी, साइबर अपराध, बाल विवाह एवं बाल श्रम जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं पर जागरूकता के उद्देश्य से 150 आकर्षक पेंटिंग्स की प्रदर्शनी लगाई गई।

इन विषयों पर विद्यालय के स्कूल कैप्टन तशफीन अफहम, वाइस कैप्टन संभावी आनंद,शरीन कौसर और उन्नति प्रसाद ने सारगर्भित भाषण दिया। जबकि मंच संचालन एवं प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से असद अहमद खान ने ‘सुरक्षित बचपन’ के महत्व पर प्रकाश डाला। तत्पश्चात अतिथियों ने पेंटिंग प्रदर्शनी का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की सराहना की।

उदघाटन सत्र के पश्चात मुख्य अतिथी विशुधा प्रकाश प्रधान दंडाधिकारी जेजेबी ने कहा कि हर बच्चे को सुरक्षित बचपन मिलना उसका मौलिक अधिकार है। बाल विवाह, बाल श्रम और मानव तस्करी जैसे अपराधों के विरुद्ध कानून सख्त है, लेकिन सबसे बड़ी ताकत जागरूकता है। बच्चों को ‘गुड टच-बैड टच’ और अपने अधिकारों को पहचानना होगा।

वही श्रीमती दीप्ति सिंह चौहान न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी ने कहा कि आज साइबर अपराध बच्चों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गया है। सोशल मीडिया का सोच-समझकर उपयोग करें। अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा न करें। यदि कुछ गलत लगे तो तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर बताएं।जबकि श्रीमती मोनिका कुमारी न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी ने कहा कि बेटा और बेटी में कोई भेद नहीं है।

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ ही सुरक्षित समाज की कुंजी है। आत्मरक्षा और आत्मसम्मान हर बच्चे में होना चाहिए। डरें नहीं,अपनी बात निडर होकर रखें। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि बाल कल्याण समिति सदैव बच्चों के साथ है। यदि आपके आसपास कोई बच्चा बाल श्रम करता दिखे या बाल विवाह की सूचना मिले तो उसकी सूचना हमें दें।

आपकी एक छोटी पहल किसी बच्चे का पूरा जीवन बचा सकती है।इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक गीत अविनाश ने कहा कि स्कॉटिश पब्लिक स्कूल केवल शिक्षा ही नहीं, संस्कार भी देता है। सुरक्षित बचपन ही विकसित भारत की नींव है।प्राचार्य श्रीनिवास ने कहा कि आज के कार्यक्रम ने बच्चों को कानून से जोड़ा है। यह जागरूकता उन्हें जीवन भर सुरक्षित रखेगी। उन्होंने कार्यक्रम आयोजन हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकार का आभार व्यक्त किया।

उप-प्राचार्य जयदीप चट्टोपाध्याय ने कहा कि ‘सुरक्षित बचपन’ पर आधारित पेंटिंग्स दर्शाती हैं कि आज के बच्चे कितने जागरूक हैं। कला के माध्यम से संदेश देना सबसे प्रभावी तरीका है। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्या सभी अतिथियों का स्वागत पौधा एवं शॉल ओढ़ाकर किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सीबीएसई इंचार्ज शैलेंद्र कुमार वर्मा, समन्वयक पवन कुमार, कैंपस इंचार्ज मिफताहुल हक एवं परीक्षा नियंत्रक सुप्रीत सरकार ने किया। जबकि सभागार में सैकड़ों की संख्या में विद्यालय के छात्र छात्राओं उत्साहित रहे ।

Share this news

Leave a Comment