बारसोई/कटिहार – बारसोई नगर पंचायत क्षेत्र के रघुनाथपुर में सड़क चौड़ीकरण की लंबे समय से अधूरी पड़ी उम्मीद अब पूरी होती नजर आ रही है। चमड़ा गोदाम चौक से बारसोई जंक्शन के बाहर स्थित काली मंदिर तक बने महत्वपूर्ण सड़क पर बिजली के खंभों की शिफ्टिंग का कार्य शुरू हो गया है।
इससे स्थानीय लोगों में सड़क के पूर्ण चौड़ीकरण को लेकर नई उम्मीद जगी है।जानकारी के अनुसार उक्त सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही सड़क के दोनों किनारों पर पक्के नाले का निर्माण भी कराया जा चुका है। हालांकि सड़क के किनारे पहले से गाड़े गए बिजली के आधा दर्जन से अधिक पोल चौड़ीकरण के रास्ते में बाधा बने हुए थे। इसके कारण सड़क और नाले के बीच लगभग ढाई से तीन फीट तक का हिस्सा कच्चा और खाली रह गया था।
जिससे सड़क पूरी तरह चौड़ी नहीं हो पा रही ।साथ ही आवागमन में भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। बता दें कि सड़क निर्माण की संविदा प्रक्रिया के दौरान तकनीकी स्तर पर हुई चूक के कारण बिजली के खंभों को स्थानांतरित करने का खर्च शामिल नहीं किया गया था। इस वजह से कार्य एजेंसी बुडको ने पोल शिफ्टिंग की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया था। परिणामस्वरूप सड़क चौड़ीकरण का कार्य लंबे समय तक अधूरा पड़ा रहा और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इस समस्या के समाधान के लिए स्थानीय विधायक संगीता देवी ने लगातार पहल की। उन्होंने कई बार जिला पदाधिकारी से मुलाकात कर सड़क के अधूरे पड़े कार्य और बिजली के खंभों की शिफ्टिंग का मुद्दा उठाया। विधायक के लगातार प्रयासों के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और पोल शिफ्टिंग के लिए अलग से संविदा निकालकर प्राक्कलित राशि निर्धारित की।
इसके बाद बिजली विभाग की ओर से खंभों को स्थानांतरित करने का कार्य शुरू कराया गया।इस संबंध में विधायक संगीता देवी ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार जिला पदाधिकारी से आग्रह किया था। मामले की तह तक जाने पर पता चला कि सड़क निर्माण की मूल संविदा में कार्य एजेंसी बुडको द्वारा बिजली के खंभों की शिफ्टिंग का खर्च शामिल ही नहीं किया गया था।
इसी कारण एजेंसी इस कार्य को कराने से पीछे हट रही थी। बाद में जिला पदाधिकारी ने अलग से संविदा की प्रक्रिया पूरी कर राशि निर्धारित कराई। जिसके बाद बिजली विभाग द्वारा शिफ्टिंग का कार्य शुरू किया गया।विधायक ने इस पहल के लिए जिला पदाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जनसमस्या को गंभीरता से लिया और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर समाधान की दिशा में कदम उठाया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि पोल शिफ्टिंग का कार्य पूरा होने के बाद सड़क के शेष हिस्से का पक्कीकरण भी कराया जा सकेगा।स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि बिजली के खंभों की शिफ्टिंग पूरी होने के बाद सड़क का अधूरा पड़ा चौड़ीकरण कार्य भी पूरा होगा। इससे रघुनाथपुर, चमड़ा गोदाम चौक और बारसोई जंक्शन की ओर आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी तथा क्षेत्र की सड़क व्यवस्था पहले से बेहतर हो सकेगी।