दोनों पक्षों ने थाने में दी शिकायत
कटिहार – जिले के अमदाबाद प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी बीडीओ एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग बीडीओ और स्वच्छता पर्यवेक्षक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांक घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले को लेकर अमदाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी रणवीर कुमार एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक मोहम्मद जाकिर हुसैन ने 28 अक्टूबर को अमदाबाद थाना में लिखित शिकायत दी है।
शिकायत के अनुसार मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर वे बैदा पंचायत में कथित अवैध एवं मिलावटी खाद की बिक्री की सूचना पर खाद दुकान की जांच करने गए थे। आरोप है कि जांच के दौरान दुकानदार एवं अन्य लोगों ने इसका विरोध करते हुए बीडीओ और उनके साथ गए कर्मियों के साथ मारपीट की। शिकायत में घटना से जुड़े कई गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी अमदाबाद थाना में लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने आई है। थानाध्यक्ष ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। मामले में किसकी गलती है और मारपीट की नौबत किन परिस्थितियों में आई, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।