कोढ़ा में किसानों ने खाद की ऊंची कीमतों पर उठाए सवाल
कोढ़ा /कटिहार – प्रखंड कृषि कार्यालय कोढ़ा में रबी महाभियान के तहत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को उन्नत खेती,आधुनिक कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीजों के उपयोग और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डीएपी खाद की कथित किल्लत, कालाबाजारी और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री का मामला उठ गया।
किसानों ने जिला कृषि पदाधिकारी से सवाल पूछकर खाद की उपलब्धता और बिक्री व्यवस्था पर जवाब मांगा।किसानों ने खाद की समस्या को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि खेती के महत्वपूर्ण समय में डीएपी खाद की किल्लत और ऊंची कीमतों पर बिक्री से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने इस मामले में प्रभावी कार्रवाई और खाद की उचित दर पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी की ओर से दिए गए जवाब से किसान संतुष्ट नहीं दिखे। किसानों ने जवाब को असंतोषजनक बताते हुए खाद की कथित कालाबाजारी पर रोक लगाने और निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की। अब सवाल यह है कि संबंधित अधिकारी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अनियमित बिक्री की शिकायतों पर अंकुश लगाने की मांग की गई।
दो किसानों को मिनी किट प्रशिक्षण कार्यक्रम में दी गई।
किसानों को रबी फसलों की वैज्ञानिक खेती, बेहतर उत्पादन और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीजों का चयन करने, समय पर बुआई करने तथा कृषि संबंधी वैज्ञानिक सलाह का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार, जिला कृषि उद्यान पदाधिकारी रजनी वर्मा, कटिहार के कृषि वैज्ञानिक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी नवीन कुमार, कृषि सूचना एवं सलाहकार, आत्मा अध्यक्ष प्रदीप पटेल, पूर्व पैक्स अध्यक्ष राज किशोर सिंह तथा बबलू सिंह, अशोक कुमार सिंह उर्फ वकील सिंह, सुनील सिंह, अजय कुमार सिंह, अनिल यादव, विजय महतो, सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे।